Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। गांव बिसाना में मानवेन्द्र की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम और थाना चंदपा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान गुरुवार, 19 नवंबर को आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी गोपाल पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, कांबिंग के दौरान एक अन्य आरोपी उदयवीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की शाम थाना चंदपा पर सूचना मिली थी कि गांव बिसाना में गोपाल अपने कुछ साथियों के साथ एक महिला के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने के बाद उसके पुत्र को गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। गोली लगने से युवक की मौत हो गई थी। मामले में पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर थाना चंदपा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसके अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम को भी आरोपियों की तलाश में लगाया गया था।

पुलिस के मुताबिक, आज पुलिस टीमों को जमीनी और तकनीकी सूचनाओं के संकलन के आधार पर जानकारी मिली कि बिसाना हत्याकांड के आरोपी कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर एसओजी और थाना चंदपा पुलिस ने घेराबंदी की। चंदपा से महमूदपुर ब्राह्मणान जाने वाले पगडंडी मार्ग पर बंबे के पास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ पुलिस ने गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में गोपाल के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस टीमों ने कांबिंग कर दूसरे आरोपी उदयवीर को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल पुत्र खगेन्द्र सिंह निवासी गांव मांगरौल बड़ी पार्टी, थाना सिकंदरा, जनपद आगरा और उदयवीर पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव हीरागढ़ी, थाना चंदपा, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में थाना चंदपा पर मुकदमा अपराध संख्या 251/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190 और 103(1) में अभियोग पंजीकृत है। आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक धीरज गौतम अपनी टीम के साथ तथा थाना प्रभारी चंदपा योगेश सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page