
हाथरस 19 नवंबर। गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। तीनों युवक बाइक से जलेसर में एक कार्यक्रम की फोटोग्राफी करने जा रहे थे। हादसा हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र में जलेसर रोड पर गांव गंगचौली के पास हुआ। मृतक की पहचान अजय (20) पुत्र राजू निवासी मोहल्ला बाला पट्टी, कोतवाली सदर हाथरस के रूप में हुई है। अजय अपने ही मोहल्ले के विनीत (28) और हरीश (26) के साथ बाइक से जलेसर जा रहा था। बताया गया कि गांव गंगचौली के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क किनारे रखे ईंटों के ढेर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विनीत और हरीश का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अजय अविवाहित था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।








