
हाथरस 19 नवंबर। गांव चंदपा में पीडब्ल्यूडी के एक ठेकेदार के स्टॉक से बिटूमिन से भरे 12 ड्रम चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर ड्रमों को आलू के खेत और नाले के रास्ते लुढ़काकर नाले की पटरी पर बनी सड़क तक ले गए और वहां से किसी अज्ञात वाहन में लादकर फरार हो गए। ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, महेंद्र कुमार शर्मा पुत्र मुंशीलाल शर्मा निवासी महमूदपुर ब्राह्मणान, थाना चंदपा पीडब्ल्यूडी उत्तर प्रदेश में क्लास-ए के राजकीय ठेकेदार हैं। वह हाथरस जनपद में पीडब्ल्यूडी की सड़कों के निर्माण का कार्य करते हैं। सड़क निर्माण के लिए वह मथुरा रिफाइनरी से टैंकर के माध्यम से बिटूमिन मंगवाते थे। इसके बाद बिटूमिन को ड्रमों में भरकर चंदपा में दिनेश भारद्वाज उर्फ बब्बू के चिलर के पीछे खाली जगह पर स्टॉक करके रखा जाता था।
ठेकेदार के अनुसार, काफी समय से बिटूमिन का काम बंद चल रहा था। इसी बीच 12 नवंबर को दिनेश भारद्वाज ने फोन कर सूचना दी कि रात के समय अज्ञात चोर स्टॉक से बिटूमिन के ड्रम चोरी कर ले गए हैं। चोर पहले ड्रमों को आलू के खेत से होकर लुढ़काते हुए ले गए और फिर नाले के रास्ते नाले की पटरी पर बनी सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद किसी अज्ञात वाहन में लादकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर ठेकेदार मौके पर पहुंचे तो स्टॉक से बिटूमिन भरे 12 ड्रम गायब मिले। इसके बाद उन्होंने थाना चंदपा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी है।








