Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। गांव गंगौली के निकट गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ईंटों के ढेर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय फोटोग्राफर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, अजय (20) पुत्र राजू निवासी मोहल्ला बालापट्टी, थाना सदर कोतवाली अपने ही मोहल्ले के विनीत और हरीश के साथ बाइक से जलेसर जा रहा था। तीनों युवक जलेसर में आयोजित एक कार्यक्रम की फोटोग्राफी करने के लिए निकले थे। इसी दौरान जलेसर रोड पर गांव गंगौली के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक फिसल गई और सड़क किनारे रखे ईंटों के ढेर से टकरा गई।

हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनीत और हरीश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही अजय के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए अपने साथ ले गए। घटना के बाद मृतक के परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page