
हाथरस 19 नवंबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में बिजली कॉटन मिल के निकट गुरुवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 66 वर्षीय सेवानिवृत्त लेखपाल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, हरिओम शर्मा (66) पुत्र रामगोपाल शुक्ला निवासी प्रकाश टैक्सटाइल, थाना हाथरस गेट राजस्व विभाग में लेखपाल के पद से सेवानिवृत्त थे। गुरुवार सुबह वह रोजाना की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बिजली कॉटन मिल के निकट वह किसी तरह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन उसे लेकर घर चले गए। बताया गया है कि मृतक अपने पीछे तीन बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।








