Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। जनपद में आगामी 22 नवंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर 19 नवंबर को अपराह्न 3 बजे जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। राज्य पर्यवेक्षक एवं मंडलीय सर्विलेंस ऑफिसर, अलीगढ़ मंडल डॉ. देवेंद्र कुमार वार्ष्णेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमआई आलम, एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ. कुमार गुंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम बलवीर सिंह वर्मा, डीसी जेएसआई सत्येंद्र कुमार सहित सभी ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक मौजूद रहे। राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जनपद में 22 नवंबर को बूथ दिवस के साथ पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। इसके बाद 23 से 27 नवंबर तक घर-घर भ्रमण अभियान चलाया जाएगा तथा 30 नवंबर को बी-टीम का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जनपद में 700 बूथ, 514 घर-घर भ्रमण टीमें, 56 ट्रांजिट टीमें और 14 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। इनके माध्यम से शून्य से पांच वर्ष तक के 2,73,083 लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की निगरानी के लिए 169 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।

माइक्रोप्लान समीक्षा के दौरान विभिन्न ब्लॉकों के 14 सुपरवाइजर अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित सुपरवाइजरों को 20 नवंबर को सुबह 10 बजे कार्यालय सभागार में उपस्थित होकर माइक्रोप्लान की समीक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सुपरवाइजर प्रशिक्षण 98 प्रतिशत और वैक्सीनेटर प्रशिक्षण 90 प्रतिशत पूरा हुआ है। महौ ब्लॉक में सबसे कम 70 प्रतिशत वैक्सीनेटरों का प्रशिक्षण होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण से छूटे सुपरवाइजरों और वैक्सीनेटरों का प्रशिक्षण पूरा कराकर उनकी उपस्थिति की सूचना जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्यालय को भेजें। पिछले अभियान की समीक्षा में हाथरस शहर के पांच क्षेत्र, महौ के दो क्षेत्र, मुरसान के दो क्षेत्र और सहपऊ का एक क्षेत्र छूटा हुआ पाया गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इन सभी क्षेत्रों का भ्रमण कर नजदीकी टीमों के माध्यम से कवर कराने और माइक्रोप्लान में अपडेट करने के निर्देश दिए। वहीं, सासनी ब्लॉक में पिछले अभियान के दौरान 1,283 घरों में भ्रमण नहीं हो पाया था। इस पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से छूटे हुए क्षेत्रों को चिन्हित कर माइक्रोप्लान में शामिल करने और इसकी सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए।

पिछले चरण में जनपद का बूथ कवरेज 43.7 प्रतिशत रहा था। इस पर राज्य पर्यवेक्षक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी अभियान में 60 प्रतिशत बूथ कवरेज का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका की घर-घर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के माध्यम से पल्स पोलियो अभियान का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में आशा संगिनियों के साथ जूम बैठक कर उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने और अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कहा गया। बैठक में यह भी सामने आया कि पिछले पोलियो चरण में बी-टीम कार्यक्रम के बाद जनपद के 9,901 परिवार पोलियो की खुराक से छूट गए थे। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि छूटे हुए परिवारों की एक्स सूची सभी बूथों पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि इन परिवारों के बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर पोलियो की खुराक पिलाई जा सके। घर-घर भ्रमण के दौरान सभी सुपरवाइजरों को एक्स सूची का वर्गीकरण जांचने के निर्देश भी दिए गए, जिससे अधिक से अधिक छूटे हुए परिवारों तक पहुंच सुनिश्चित हो सके।

राज्य पर्यवेक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथ दिवस पर सभी बूथ निर्धारित समय पर खुलें और सभी कर्मचारी समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें। उन्होंने अधिक से अधिक बच्चों को बूथ तक लाकर पोलियो की खुराक पिलाने और अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page