Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। जनपद में झोलाछाप चिकित्सकों और बिना वैध पंजीकरण के संचालित क्लीनिक एवं पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। 19 नवंबर 2026 को अलग-अलग टीमों ने मुरसान, हाथरस, सासनी, सादाबाद, सहपऊ, सलेमपुर और सिकंदराराऊ क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान कई अपंजीकृत क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब को सील किया गया, जबकि कुछ संचालक स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर अपने संस्थान बंद कर भाग गए। ऐसे संस्थानों पर नोटिस चस्पा किए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान के चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने ब्लॉक क्षेत्र के छह क्लीनिकों पर छापेमारी की। इस दौरान नई बस्ती मुरसान में डॉक्टर राय बंगाली, सब्जी मंडी में डॉक्टर कमल प्रसाद सिंह और डॉक्टर डोरी लाल तथा रेलवे फाटक दर्शन हाथरस क्षेत्र में चौधरी क्लीनिक एवं शिव कुमार के यहां टीम पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर संबंधित संचालक मौके से भाग गए, जिसके बाद उनके प्रतिष्ठानों पर नोटिस चस्पा किए गए। वहीं, डॉ. महेश कुमार का क्लीनिक खुला मिला, लेकिन वैध पंजीकरण नहीं होने के कारण उसे मौके पर ही सील कर दिया गया। इसी क्रम में मंडलीय संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय और डिप्टी सीएमओ डॉ. आलम की टीम ने हाथरस जंक्शन के रामपुर क्षेत्र में डॉ. विनोद कुमार के क्लीनिक की जांच की। क्लीनिक अपंजीकृत पाए जाने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया।

डॉ. मधुर कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम ने कृष्णा पैथोलॉजी सासनी को नोटिस जारी किया। नगला गडू में डॉ. संजीव का क्लीनिक बंद मिला। वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह की टीम ने सहपऊ क्षेत्र के मेहरारा में दिगंबर सिंह एवं रवि कुमार के क्लीनिक पर नोटिस चस्पा किए। मानिकपुर स्थित दाऊजी और कवि डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक टीम को देखकर भाग गए, जिसके बाद दोनों संस्थानों पर भी नोटिस चस्पा किए गए। सलेमपुर क्षेत्र में मेघ क्लीनिक पर आयुर्वेद का पंजीकरण पाया गया, जबकि राधिका क्लीनिक और ज्योति पैथोलॉजी के संचालक संस्थान बंद करके चले गए। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार भारती ने जनपद में संचालित पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। तालाब चौराहे पर जिला चिकित्सालय के सामने स्थित नाइस पैथोलॉजी लैब बिना चिकित्सक के संचालित होती मिली। संचालक की ओर से किसी प्रकार का पंजीकरण भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर मौके पर ही लैब का संचालन बंद करा दिया गया। बागला अस्पताल के सामने स्थित बांके बिहारी पैथोलॉजी लैब में भी निरीक्षण के दौरान चिकित्सक मौजूद नहीं मिले और न ही वैध पंजीकरण संबंधी अभिलेख प्रस्तुत किए गए। इस पर टीम ने लैब को सील कर दिया। वहीं, महामाया पैथोलॉजी के निरीक्षण में चिकित्सक एवं लैब टेक्नीशियन मौजूद मिले तथा अभिलेख पूर्ण पाए गए।

नगर पालिका गेट के पास स्थित राधे डायग्नोस्टिक सेंटर और बागला चिकित्सालय के बराबर में संचालित ओम डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक टीम को देखकर संस्थान बंद कर भाग गए। दोनों जगह नोटिस चस्पा किए गए। सादाबाद में डॉ. एमए खान भी टीम को देखकर भाग गया। संबंधित दुकान के दोनों दरवाजों को सील कर सीजर मेमो तैयार कर मौके पर चस्पा किया गया। कुरसंडा के मुख्य बाजार में डॉ. केशव केके क्लीनिक पर अपंजीकृत चिकित्सक के संचालन के संबंध में नोटिस चस्पा किया गया। वहीं, ग्लोबल पैथोलॉजी सादाबाद पंजीकृत मिली, लेकिन मौके पर चिकित्सक उपस्थित नहीं थे। इस पर नोटिस जारी किया गया। सिकंदराराऊ में डॉ. राजकिशोर की टीम ने ग्राम अगसौली में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक एवं पैथोलॉजी को सील कर दिया। इसके अलावा रतिभानपुर में संचालित डॉ. राहुल क्लीनिक और महिमा क्लीनिक को भी सील करने की कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग की इस व्यापक कार्रवाई से जनपद में बिना पंजीकरण चिकित्सा और पैथोलॉजी सेवाएं संचालित करने वालों में खलबली मची रही। विभाग की टीमों ने स्पष्ट किया कि अपंजीकृत संस्थानों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page