
हाथरस 18 नवंबर। सादाबाद क्षेत्र के ऊंचागांव स्थित मां भगवती देवी इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए जागरूकता रैली निकाली और लोगों को मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अभियान का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार ने किया। इसमें विधानसभा सादाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य पवन कुमार ने विद्यार्थियों को वर्तमान में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों, विशेषकर नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना जरूरी है। जिन पात्र लोगों के नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए जागरूक करने की अपील की।
विद्यालय के प्रबंधक सत्यवीर सिंह ने भी विद्यार्थियों को मतदान का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने और अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता राज वर्मा ने किया। उन्होंने लोकतंत्र में मतदान की महत्ता बताते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर शैलेन्द्र कुमार, लखन, जयप्रकाश, योगेश कुमार, अमित कुमार, कल्पना, दीक्षा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।




