Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 नवंबर। मानवेंद्र हत्याकांड के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई और एनकाउंटर की आशंका के चलते आरोपियों के प्रदेश छोड़कर फरार होने की जानकारी सामने आई है। इस बीच एक आरोपी कौशल की ओर से सीजेएम न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। इस पर सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख निर्धारित हुई है। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय परिसर में भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि 11 नवंबर की रात मानवेंद्र की घर के पास ही दो गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उसका दोस्त समीर घायल हो गया था, जबकि फुफेरा भाई बाल-बाल बच गया था। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले के मामले में मौसा गीतेंद्र, खगेंद्र के बेटे कृष्णा और गोपाल तथा प्रवेश के बेटे कौशल और सुमित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अब आरोपी कौशल की ओर से सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है। 19 नवंबर को इस पर सुनवाई होनी है। पुलिस को आशंका है कि कौशल के आत्मसमर्पण के प्रयास के बाद अन्य आरोपी भी न्यायालय में सरेंडर कर सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने न्यायालय परिसर में भी निगरानी और घेराबंदी बढ़ा दी है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस आगरा के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन अभी तक कोई आरोपी हाथ नहीं लगा है। सर्विलांस टीम भी उनकी लोकेशन तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि आरोपी मोबाइल फोन, एटीएम और अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, जिससे उनकी तलाश में पुलिस को परेशानी हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों तक पुलिस की दबिश की जानकारी भी पहुंच रही है। मध्य प्रदेश में शनिवार को पुलिस टीम आरोपियों के काफी करीब पहुंच गई थी। गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। आत्मसमर्पण के प्रयास की जानकारी भी की जा रही है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page