
हाथरस 18 नवंबर। सदर कोतवाली क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के निकट बुधवार को पान मसाला की पीक मारने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई और जूते-चप्पल चलने लगे। काफी देर तक सड़क पर हंगामा होता रहा। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। जानकारी के अनुसार, एक दंपति तालाब चौराहा की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान केंद्रीय विद्यालय के निकट एक व्यक्ति ने पान मसाला की पीक थूक दी, जो किसी तरह महिला के ऊपर जा गिरी। इस बात को लेकर दंपति भड़क गया और पीक मारने वाले व्यक्ति पर नाराजगी जताने लगा। दूसरे व्यक्ति ने भी इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया गया कि पीक मारने वाले व्यक्ति के साथ एक महिला भी मौजूद थी। देखते ही देखते चारों लोग एक-दूसरे को गाली देने लगे और फिर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान जूते-चप्पल चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक चले विवाद के बाद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए।




