
हाथरस 18 नवंबर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मोहल्ला अहेरियाना मेंडू में जात से लौट रहे एक परिवार की गाड़ी रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घात लगाकर बैठे सात लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से परिवार पर हमला कर दिया। हमले में पिता बहादुर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके दो बेटों को भी चोटें आई हैं। गंभीर हालत में पिता को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया है। पीड़ित गुल्लू ने थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ जात करके वापस गांव मेंडू लौट रहा था। आरोप है कि मोहल्ले के अहेरियाना क्षेत्र में पहले से घात लगाकर बैठे चंदू उर्फ चंद्रशेखर, राजेश, प्रमोद, अनिल, राहुल, सूरज और कालू उर्फ जितेंद्र ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की सरिया थीं।
आरोप है कि हमलावरों ने गुल्लू के पिता बहादुर सिंह के सिर पर लोहे की सरिया से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। वहीं, हमले में उनके भाई ऋषि और शिवम को भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां बहादुर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत करने पर आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है।




