
हाथरस 18 नवंबर। जनपद में कृषि भूमि के दोहरे बैनामे और जालसाजी का मामला सामने आया है। भोपतपुर निवासी कमलेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर सात लोगों पर साजिश रचकर उसकी और उसके भाई की खरीदी हुई कृषि भूमि का फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी कमलेंद्र सिंह के अनुसार, उसने अपने भाई अनिल सिसोदिया के साथ 20 जुलाई 2022 को गांव ऐहन में स्थित 2.9690 हेक्टेयर भूमि में से 0.70375-0.70375 हेक्टेयर भूमि कृष्ण कुमार रावल और मीना कुमारी से खरीदी थी। उक्त भूमि के संबंध में दोनों भाइयों के नाम राजस्व अभिलेखों में भी दर्ज हो गए थे।
आरोप है कि भूमि की मूल मालिक वासदेवी पत्नी चंद्रपाल ने 27 जुलाई 2010 को ही अपने आधे हिस्से का बैनामा अपने पुत्रों प्रेमकिशोर, मुनेश कुमार, ओमदत्त और तारावती के नाम कर दिया था। इसके बाद संबंधित गाटे में वासदेवी का कोई अंश शेष नहीं रह गया था। इसके बावजूद आरोप है कि वासदेवी ने 27 मार्च 2026 को 0.6993 हेक्टेयर भूमि चंद्रदेव और आशीष सक्सेना के नाम बैनामा कर दी। इसके अगले ही दिन 28 मार्च 2026 को शेष 0.7615 हेक्टेयर भूमि का बैनामा प्रेमकिशोर, ओमदत्त, मुनेश कुमार और रामवीर के नाम कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने आपसी साजिश कर कूटरचना और छल के माध्यम से मूल्यवान प्रतिभूति की जालसाजी करते हुए पहले से बेची जा चुकी भूमि का दोबारा बैनामा कराया। इस मामले में कमलेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




