Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 नवंबर। जनपद में अपंजीकृत चिकित्सकों, क्लीनिक, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने निरीक्षण कर अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किए। वहीं, सहपऊ ब्लॉक में एक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से चिकित्सा संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मच गया। डॉ. प्रवीण कुमार भारती के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हाथरस जंक्शन, मेंडू और हसायन क्षेत्र में कई क्लीनिक, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। टीम ने अजय प्रताप राजपूत क्लीनिक चौराहा मेंडू, रामगोपाल सिंह क्लीनिक, श्याम पैथोलॉजी देवी नगर, महेश कुमार लाइफ केयर हॉस्पिटल, सुजान सिंह क्लीनिक हसायन रति का नगला और दिनेश कुमार क्लीनिक रति का नगला की जांच की। ये सभी संस्थान पंजीकृत पाए गए, लेकिन निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे। इस पर सभी को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। वहीं, जितेंद्र कुमार और विपिन कुमार के दांतों के अस्पताल रति का नगला में टीम को देखकर संचालक मौके से चले गए। इसके बाद टीम ने अस्पताल के दरवाजे पर नोटिस चस्पा कर दिया।

डॉ. आरएन सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सहपऊ ब्लॉक में कार्रवाई करते हुए ओमकार की अवैध क्लीनिक को सील कर दिया। इसके अलावा गुटेरा में देवेंद्र और हरेंद्र तथा नगला कांची में हाकिम की क्लीनिक को नोटिस जारी किए गए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता ने सादाबाद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10 क्लीनिक, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब को नोटिस जारी किए। इनमें बिसावर के डॉ. सत्येंद्र सिंह, राधिका पैथोलॉजी, नगला पचौरी सादाबाद के डॉ. अमित चौधरी, बिसावर के डॉ. देवेंद्र चौधरी की शकुंतला क्लीनिक, डॉ. आरएम विश्वास का बंगाली दवाखाना बिसावर, मोहल्ला नई बस्ती सादाबाद के बंगाली चिकित्सक, बिहारी धाम कॉलोनी सादाबाद का बलदाऊ हॉस्पिटल, दिया हॉस्पिटल सादाबाद तथा वैशाली पैथोलॉजी सादाबाद शामिल हैं। जांच के दौरान दिया हॉस्पिटल, वैष्णवी पैथोलॉजी और राधिका पैथोलॉजी में पंजीकरण होने के बावजूद पंजीकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिले। इस पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किए गए।

वहीं, मुरसान विकासखंड में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की टीम ने सादाबाद रोड स्थित बी हॉस्पिटल, मथुरा रोड स्थित श्रीराम हॉस्पिटल, रेलवे रोड स्थित एमजी हॉस्पिटल मुरसान और जेडी पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। जांच के बाद इन चारों संस्थानों को नोटिस जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपंजीकृत चिकित्सकों, अवैध नर्सिंग होम, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे अपंजीकृत चिकित्सकों और अवैध अस्पतालों में इलाज या जांच न कराएं तथा उपचार के लिए पंजीकृत और मानकों के अनुरूप संचालित संस्थानों का ही चयन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page