हाथरस 18 नवंबर। बागला महाविद्यालय में बी.एड. प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026–28) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पाँच दिवसीय योग शिविर के तीसरे दिन, दिनांक 18 नवंबर को योगाभ्यास के साथ-साथ योग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पक्षों की जानकारी प्रदान की गई। शिविर का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. महावीर सिंह छोंकर के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है। तीसरे दिन योग प्रशिक्षक श्री सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इस क्रम में काग आसन, उत्कट आसन, मकर आसन, पश्चिमोत्तान आसन, पूर्वोत्तान आसन, शशांक आसन, भद्रासन एवं दंड आसन का अभ्यास कराया गया। साथ ही, पूर्व में सिखाए गए सूर्य नमस्कार का पुनः अभ्यास कराया गया, जिससे विद्यार्थी इसकी सभी बारह अवस्थाओं को सही क्रम एवं विधि से करने में दक्ष हो सकें। व्यावहारिक अभ्यास के अतिरिक्त योग प्रशिक्षक ने महर्षि पतंजलि के योगसूत्र के अनुसार अष्टांग योग की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि के आठ अंगों की व्याख्या करते हुए उनके जीवन में व्यावहारिक महत्व को समझाया प्रत्येक अंग से संबंधित लाभों तथा उचित अभ्यास न करने अथवा नियमों की अनदेखी करने से उत्पन्न होने वाली संभावित कठिनाइयों एवं दुष्परिणामों के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अष्टांग योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के नैतिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का भी मार्ग प्रशस्त करता है।
योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को नियमित एवं उचित विधि से योगाभ्यास करने की सलाह देते हुए बताया कि योग के माध्यम से शारीरिक लचीलापन, मानसिक एकाग्रता, आत्मसंयम एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. डी.के. दीक्षित, डॉ. विमलेश, डॉ. निखिल मिश्रा, डॉ. विनय वर्मा एवं डॉ. अनीता शर्मा का विशेष सहयोग रहा। शिविर का सफल संयोजन योग शिक्षिका एवं शिविर संयोजक डॉ. दीपा ग्रोवर द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर की सभी गतिविधियों में नियमित एवं अनुशासित सहभागिता करने तथा योग को अपनी दिनचर्या में सम्मिलित करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा की एक महत्वपूर्ण धरोहर है। इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन भी प्राप्त कर सकता है। विद्यार्थियों को योग के व्यावहारिक एवं दार्शनिक दोनों पक्षों को समझते हुए इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए। इस प्रकार शिविर का तीसरा दिन योगासनों के अभ्यास, सूर्य नमस्कार के पुनराभ्यास तथा अष्टांग योग के सैद्धांतिक ज्ञान के आदान-प्रदान के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










