
हाथरस 18 नवंबर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत पीवीएस इंटर कॉलेज, हाथरस में बुधवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों और स्लोगनों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने संदेश दिया कि मतदान प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार होने के साथ-साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। सभी पात्र मतदाताओं को बिना किसी प्रलोभन, भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
विद्यार्थियों ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर फॉर्म-6 भरें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाया जा सकता है। रैली के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता डॉ. गोपाल प्रसाद, जीव विज्ञान प्रवक्ता चंद्रगुप्त मौर्य, डॉ. रोहित कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्र, वसंत कुमार सिंह, डॉ. मनोज शर्मा, अरविंद कुमार चौहान, लिपिक राजेश कुमार तथा कर्मचारी संजय प्रकाश, जयदेव, चंद्र प्रकाश, हरिनंदन और सत्येंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










