
हाथरस 18 नवंबर। संयुक्त कृषि निदेशक, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ श्रवण कुमार ने बुधवार को जनपद के राजकीय कृषि प्रक्षेत्र रतनपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रक्षेत्र में संचालित गेहूं एवं मसूर की अभिजनक बीज उत्पादन फसलों की स्थिति का जायजा लिया और उनकी गुणवत्ता एवं उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय उप कृषि निदेशक हाथरस सत्येंद्र कुमार एवं राजकीय प्रक्षेत्र अधीक्षक ग्रीस बाबू उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि राजकीय कृषि प्रक्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 10.01 हेक्टेयर है, जिसमें 8.48 हेक्टेयर भूमि कृषि योग्य है। इसमें से एक हेक्टेयर भूमि राजकीय परिवहन निगम को हस्तांतरित की जा चुकी है। शेष 7.48 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि में से 5.48 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की DBW-327 प्रजाति के अभिजनक बीज की बुवाई 3 नवंबर को सुपर सीडर के माध्यम से की गई है। वहीं, शेष दो हेक्टेयर भूमि में मसूर की IPL-220 प्रजाति के अभिजनक बीज की बुवाई 1 नवंबर को सुपर सीडर से कराई गई है।
संयुक्त कृषि निदेशक ने निर्देश दिए कि गेहूं एवं मसूर की अभिजनक बीज फसलों का निर्धारित मानकों के अनुसार समुचित रखरखाव और नियमित निगरानी की जाए। फसलों में समय से सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण तथा आवश्यकतानुसार उर्वरकों एवं कृषि रक्षा रसायनों का संतुलित प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीज उत्पादन के निर्धारित मानकों के अनुरूप फसलों की शुद्धता बनाए रखने के लिए विशेष सावधानी बरतने और समय-समय पर रोगिंग यानी अवांछित पौधों को निकालने का कार्य कराने को कहा। उन्होंने बीज प्रमाणीकरण से संबंधित सभी अभिलेखों एवं फसलवार कार्यों का विवरण अद्यतन रखने, प्रक्षेत्र की समस्त कृषि योग्य भूमि का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा आगामी फसल चक्र की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिजनक बीज की गुणवत्ता एवं उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा। संयुक्त कृषि निदेशक ने जिला कृषि अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक हाथरस को स्वयं प्रक्षेत्र का नियमित पर्यवेक्षण करने और दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।










