
हाथरस 18 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में जनपद में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत राजकीय हाईस्कूल बामौली, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हाथरस, राजकीय हाईस्कूल अरनोट सिकंदराराऊ, राजकीय हाईस्कूल गंगापुर, श्री उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज हाथरस तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज टुकसान में मतदाता जागरूकता रैलियां निकाली गईं। रैलियों में शामिल विद्यार्थियों ने आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
इसी क्रम में सादाबाद इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में रामकैलाश प्रजापति ने छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और उसमें संशोधन एवं शुद्धिकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे फॉर्म संख्या-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं, श्री मानिकचंद इंटर कॉलेज लाडपुर में विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के नियमों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के अधिकार तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।










