
हाथरस 18 नवंबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी जनसुनवाई के दौरान अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें तथा फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनके बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों पर केवल आदेश जारी करने तक अपनी जिम्मेदारी सीमित न रखें, बल्कि उनके प्रभावी निस्तारण की भी जवाबदेही सुनिश्चित करें। लंबे समय से लंबित मामलों में संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावी कार्रवाई कराई जाए। विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों में उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी आवश्यकतानुसार राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे विवादों का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त जनसमस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।










