Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

smart

हाथरस 18 नवंबर। पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत शिक्षकों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित धरने में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर शासन स्तर से प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि शिक्षक सम्मान और संतोष के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से 1 अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को नई पेंशन योजना से मुक्त कर पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की गई। इसके साथ ही 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त कराने हेतु विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से कानून बनवाने की मांग उठाई गई। शिक्षकों ने प्रमाण पत्रों की एसटीएफ जांच के आदेश तत्काल निरस्त करने और हाईकोर्ट के निर्णय के विरुद्ध खंडपीठ में अपील करने, विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पदों पर शीघ्र पदोन्नति करने तथा पदोन्नति में गैर-TET उत्तीर्ण शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा की शर्त के साथ छूट देने की मांग भी रखी।

शिक्षक संघ ने वर्ष 2020 में मेरिट के आधार पर चयनित शिक्षकों के ब्रिज कोर्स परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक की बाध्यता समाप्त करने, विशेष श्रेणी के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की लंबित सूची जारी करने और 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले परिषदीय शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षकों की भांति प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग की। इसके अलावा मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्त करने के स्पष्ट आदेश जारी करने, प्रत्येक विद्यालय अथवा एक परिसर में संचालित विद्यालयों में सफाई कर्मचारी और चौकीदार नियुक्त करने तथा आगामी शीतकालीन अवकाश में अंतर्जनपदीय, अंतःजनपदीय और पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग उठाई गई। परिषदीय शिक्षकों को प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार का अवकाश देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों पर विचार किया जाएगा तथा उनके स्तर से समाधान योग्य समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान बीएसए ने जिलाधिकारी हाथरस के निर्देशों का हवाला देते हुए सभी शिक्षकों से अपनी स्व-गणना कर गणना संख्या तत्काल विभाग को उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया। धरने में विजय वीर सिंह, वीरेंद्र पाल सिंह, योगेंद्र शर्मा, संतोष शर्मा, शैलेंद्र सिंह चौहान, गोविंद रावत, कन्हैयालाल, यतेंद्र पाठक, शशि कुलश्रेष्ठ, नरेश मीणा, कुलदीप चौधरी, अनिल शर्मा, गौरव पचौरी, अमित शर्मा, राघवेंद्र गुप्ता, देवेंद्र सेंगर, योगेश, जितेश, मणिभूषण, मोहित सेंगर, हरवीर सिंह, नीरज कुमार, सौरभ शर्मा, पुनीत चौधरी, तेजवीर सिंह, श्याम सुंदर यादव, भगवानदास यादव, राधा कौशिक, दीक्षा राजपाल, शालिनी शर्मा, मधु लता कौशिक, कल्पना राणा, मीणा सागर, ललिता त्रिपाठी, ऋतु वशिष्ठ, गरिमा वार्ष्णेय और रेनू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page