
हाथरस 18 नवंबर। हाथरस पुलिस ने चोरी की एक घटना का महज 12 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित गंदा नाला के पास घर में बनी परचून की दुकान में हुई चोरी के मामले में एंटी थेफ्ट टीम, थाना हाथरस गेट पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 7 हजार 100 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद आभूषणों का कुल वजन डिब्बे सहित 962 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को सोनू पुत्र स्वर्गीय महाराज सिंह निवासी जलेसर रोड, गंदा नाला ने थाना हाथरस गेट में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में स्थित परचून की दुकान के गल्ले में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 454/2026 धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने तत्काल खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना हाथरस गेट पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाए तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना से संबंधित माल लेकर तीन व्यक्ति आरटीओ कार्यालय के पास गंदे नाले की पटरी से होते हुए हाथरस की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण, 2,07,100 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बरामद माल और नकदी को सोनू की दुकान से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने मौके पर वादी को बुलाकर बरामद सामान की पहचान कराई, जिसे वादी ने अपना चोरी हुआ सामान बताया।
पुलिस ने रामू पुत्र अतर सिंह और विजय पुत्र आनंद प्रकाश, दोनों निवासी गंदे नाले के पास जलेसर रोड, थाना हाथरस गेट, जनपद हाथरस तथा प्रिंस पुत्र वीरेंद्र निवासी मई नाथ, थाना मडराक, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से सफेद धातु के 12 लच्छे, एक जोड़ी पायजेब, चार खड़ुए, दो जोड़ी सैंपल, एक चेन और एक कोंधनी बरामद हुई। इसके अलावा पीली धातु के दो लौंग और एक ओम, 450 रुपये कीमत के गिलट के सिक्के तथा 2 लाख 7 हजार 100 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद आभूषणों का कुल वजन डिब्बे सहित 962 ग्राम है। चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी एंटी थेफ्ट टीम सुरेंद्र कुमार मय टीम तथा थाना हाथरस गेट से उपनिरीक्षक विजय कुमार मय पुलिस टीम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।










