
हाथरस 18 नवंबर। शहर के किला रेलवे स्टेशन पर आज सुबह करीब 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एफसीआई का खाद्यान्न लेकर पहुंची मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। हादसे के चलते स्टेशन पर खाद्यान्न उतारने का काम प्रभावित हो गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, मालगाड़ी सोमवार देर शाम खाद्यान्न की रैक लेकर किला रेलवे स्टेशन पहुंची थी। मंगलवार सुबह स्टेशन पर स्मॉल गाड़ी के माध्यम से खाद्यान्न उतारने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान इंजन द्वारा मालगाड़ी को आगे बढ़ाए जाने के समय एक डिब्बे का पहिया पटरी से उतर गया। घटना के बाद इंजन को वहां से अलग कर दिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक और डिब्बे की स्थिति की जांच शुरू कर दी। एफसीआई के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। किला रेलवे स्टेशन से सुबह दिल्ली के लिए एक पैसेंजर ट्रेन संचालित होती है, जो रात में वापस लौटती है। इसके अलावा स्टेशन से अन्य कोई यात्री ट्रेन नहीं चलती। उत्तर मध्य रेलवे के इस स्टेशन का मुख्य रूप से इस्तेमाल मालगाड़ियों के जरिए सामान लाने और उतारने के लिए किया जाता है।
इस घटना को लेकर एफसीआई के स्थानीय डिपो प्रभारी नीरज शर्मा ने स्टेशन पर व्याप्त अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर कई तरह की व्यवस्थाएं ठीक नहीं हैं। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों को कई बार पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी सुधार नहीं हुआ है। नीरज शर्मा के मुताबिक, मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरने के बाद उन्हें बताया गया था कि करीब एक घंटे में व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके चलते खाद्यान्न खुले में पड़ा है और उसे उतारने का काम भी प्रभावित हो रहा है। वहीं, उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतरा है। रेलवे कर्मचारी ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटे हैं।










