Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

smart

हाथरस 17 नवंबर। ई-रिक्शा से रेलवे स्टेशन जाते समय रास्ते में खोया महिला का पर्स कोतवाली नगर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से बरामद कर लिया। पर्स में रखे 8 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां और घर की चाबी सहित पूरा सामान पुलिस ने आवश्यक सत्यापन एवं विधिक कार्रवाई के बाद महिला को सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को नवीपुर निवासी श्रीमती रश्मि कुशवाह पत्नी सिद्धार्थ कुशवाह ने थाना कोतवाली नगर पहुंचकर सूचना दी कि वह अपने घर से ई-रिक्शा द्वारा रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में नकदी, सोने के आभूषण और घर की चाबी रखी हुई थी।

सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने पर्स की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया और लगातार प्रयास किए। पुलिस की सक्रियता से खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक सत्यापन और विधिक प्रक्रिया पूरी कर पर्स मय सामान श्रीमती रश्मि कुशवाह को सौंप दिया। अपना कीमती सामान वापस मिलने पर उन्होंने हाथरस पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। बरामद सामान में 8,000 रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां और घर की चाबी शामिल हैं। इस कार्रवाई को व0उ0नि0 उमेश कुमार शर्मा ने थाना कोतवाली नगर की पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page