
हाथरस 17 नवंबर। आगरा रोड स्थित एसआरबी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन एवं सीबीएसई स्कूल्स मैनेजमेंट एसोसिएशन के सचिव ए.पी. सिंह ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, वाहन चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। ए.पी. सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी अभियानों में सभी को सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सरकार का सहयोगी बनना चाहिए। साथ ही अपने कर्तव्यों एवं नियमों का पालन करते हुए जागरूक, जिम्मेदार और सुरक्षित नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने जैसे नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी के जीवन पर भारी पड़ सकती है। इसलिए स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करना जरूरी है। सावधानी ही सड़क सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्व-जनगणना के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने सभी को जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान के अधिकार एवं उसके महत्व की जानकारी दी गई। ए.पी. सिंह ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु प्राप्त कर चुके उन युवाओं से, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, फॉर्म संख्या-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को जमा कराने अथवा निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक ही सुरक्षित, सशक्त और विकसित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।










