
हाथरस 16 नवंबर। शादी तय होने के बाद दहेज में करीब 22 लाख रुपये की एक्सयूवी कार और प्लॉट की मांग करने तथा मांग पूरी न होने पर रिश्ता तोड़ने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि शादी की तैयारियों और रिंग सेरेमनी में लाखों रुपये खर्च कराने के बाद लड़के पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। पंचायत में रुपये लौटाने का वादा भी किया, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव लहरा निवासी निर्मला देवी पत्नी यतेन्द्र कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी कृतिका का रिश्ता आगरा के सिकंदरा स्थित शांति रेजीडेंसी निवासी डॉ. प्रवीन उपाध्याय के बेटे अंशुमन उपाध्याय से तय हुआ था। आरोप है कि रिश्ता तय करते समय प्रवीन ने स्वयं को उदयपुर यूनिवर्सिटी में स्थायी प्रोफेसर, अपनी पत्नी ऊषा को भी प्रोफेसर और बेटे अंशुमन को जयपुर में 10 लाख रुपये के पैकेज पर कार्यरत बताया था। इसके साथ ही 13-14 बीघा खेत होने की जानकारी दी थी। उस समय दहेज की कोई मांग नहीं होने की बात कही गई थी।
शिकायत के अनुसार, 12 अप्रैल को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देखा और 26 अप्रैल को टीका समारोह हुआ। इसके बाद 21 जून को आगरा के डबल ट्री होटल में रिंग सेरेमनी आयोजित की गई। पीड़िता का आरोप है कि इस कार्यक्रम में उन्होंने पांच लाख रुपये नकद, डायमंड की अंगूठी, सोने की लर सहित करीब 10 लाख रुपये खर्च किए। शादी की तारीख 24 नवंबर तय हुई थी। मैरिज होम और अन्य तैयारियों की बुकिंग में भी करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए। आरोप है कि बाद में लड़के पक्ष ने करीब 22 लाख रुपये कीमत की एक्सयूवी कार और एक प्लॉट की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर अंशुमन ने मैरिज होम की बुकिंग निरस्त करा दी। इसके बाद 19 अक्टूबर को हुई पंचायत में तीनों ने शादी करने से इनकार कर दिया और आठ लाख रुपये वापस करने का वादा किया, लेकिन बाद में उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जांच में लड़के की नौकरी और पिता-माता के प्रोफेसर होने संबंधी दावे भी फर्जी पाए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






