सिकन्दराराऊ (हसायन) 16 नवंबर। हाथरस। दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और मायके छोड़ने के मामले में महिला थाना पुलिस ने पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता ने अपने ससुर पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया है। थाना हसायन क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी मुस्कान पुत्री गुड्डू नट ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह 4 दिसंबर 2023 को आगरा जिले के थाना बसई अरोली क्षेत्र के गांव मानिकपुरा निवासी लवकुश उर्फ कुलदीप नट पुत्र भूरी सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता के अनुसार, उसके पिता ने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें घर-गृहस्थी का सामान, जेवर, पल्सर मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये नकद दिए गए थे।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति लवकुश, ससुर, सास और ननद अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे भूखा-प्यासा रखकर मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता ने ससुर पर अकेला पाकर छेड़छाड़ करने और अश्लील हरकतें करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत करने पर पति ने उसे यह सब सहन करने की बात कही। पीड़िता का आरोप है कि 23 जुलाई 2026 को दोपहर के समय सभी ससुरालीजन उसका स्त्रीधन छीनकर उसे सफेद गाड़ी से मायके लेकर आए और स्कूल के पास धक्का देकर उसके साथ मारपीट की। साथ ही धमकी दी कि दो लाख रुपये लेकर आए बिना उसे ससुराल में नहीं रखा जाएगा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






