Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 नवंबर। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्चे सहित दो लोग झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। हालत में सुधार होने पर दोनों को घर भेज दिया गया। पहली घटना सासनी कोतवाली क्षेत्र के किशनगढ़ी गांव की है। जिला कासगंज के थाना सावर क्षेत्र के गोपालपुर निवासी दीपक अपने सात वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ अपनी बहन की ससुराल किशनगढ़ी आए हुए थे। बताया गया कि गांव में एक बसपा नेता के यहां बधाई लेने के लिए किन्नर आए थे। इस दौरान कार्तिक अपनी बुआ के घर की छत पर खड़ा होकर उन्हें देख रहा था। इसी बीच उसका हाथ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया। करंट लगने से वह झुलस गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर चिकित्सक ने उसे घर भेज दिया।

दूसरी घटना में मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र के भारूगढ़ निवासी प्रेम सिंह पुत्र खेमचंद्र गांव के खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ खेत में लगे झटका तारों से छू गया। करंट की चपेट में आने से वह झुलसकर घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page