
हाथरस 16 नवंबर। प्रदेश के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने आवाज बुलंद की है। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम 10 सूत्रीय मांग पत्र तैयार कर ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से व्यापारियों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। अपने परिश्रम, पूंजी और समर्पण के माध्यम से व्यापारी प्रदेश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन, बिजली की महंगी दरों और विभिन्न विभागों में पंजीकरण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि 60 वर्ष से अधिक आयु के पंजीकृत व्यापारियों को 3,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाए तथा पंजीकृत व्यापारियों के व्यापारिक स्टॉक का सरकारी स्तर पर बीमा कराया जाए। इसके साथ ही कमर्शियल बिजली की दरें घरेलू बिजली दरों के बराबर करने और व्यापारियों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत न्यूनतम 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा लाभ देने की मांग उठाई गई। व्यापारियों ने विभिन्न विभागों में पंजीकरण आजीवन करने, जीएसटी का सरलीकरण करने तथा मंडी समिति शुल्क समाप्त कर उसे जीएसटी में समायोजित करने की भी मांग की।
इसके अलावा संगठन ने लखनऊ में किसान भवन की तर्ज पर व्यापार भवन का निर्माण कराने, ज्वेलर्स व्यापारियों को सुरक्षा की दृष्टि से प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने तथा पंजीकृत व्यापारियों की दुर्घटना बीमा राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की मांग रखी। साथ ही शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की तर्ज पर व्यापारियों के लिए अलग व्यापारी निर्वाचन क्षेत्र गठित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सरकार से अपेक्षा है कि व्यापारियों की इन जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रदीप बंसल, शहर अध्यक्ष संतोष बंसल, जिला महामंत्री एडवोकेट कन्हैया लाल शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष पवन कुमार सिंघल, प्रदेश युवा प्रभारी सुखवीर सिंह, शहर महामंत्री अमित वार्ष्णेय, जिला मीडिया प्रभारी यशु गर्ग, जितेंद्र वार्ष्णेय, सुमित गोयल सहित अन्य व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।










