Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं में असमय जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में नवंबर माह के तीसरे रविवार को विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहज राजयोग प्रशिक्षण केंद्र पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई और उनकी शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही विश्व शांति के लिए एक घंटे का राजयोग किया गया। यह आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के यातायात एवं परिवहन प्रभाग के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर चरखी दादरी, हरियाणा से पधारीं बीके प्रेम दीदी ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति सभी को एक परमपिता परमात्मा की संतान मानते हुए सबके कल्याण की कामना करती है। यह संस्कृति अशांत को शांत करने और दुखी व्यक्ति के जीवन में सुख लाने की भावना के साथ सेवा करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी के प्रति शुभभावना और कल्याण की भावना रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मृति दिवस की शुरुआत वर्ष 1993 में यूनाइटेड किंगडम की संस्था ‘रोडपीस’ द्वारा की गई थी। वर्ष 2005 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इसे आधिकारिक वैश्विक दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की। इस दिवस का उद्देश्य सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को याद करने के साथ उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र प्रभारी बीके शांता बहिन, बीके पूजा बहिन, बीके प्रियंका बहिन, बीके दुर्गेश बहिन, बीके वंदना बहिन, दिनेश भाई, गजेंद्र भाई, राजेश भाई सहित नियमित रूप से राजयोग करने वाले अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page