Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 नवंबर। जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव पुन्नेर में रविवार सुबह एक 52 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक की पहचान किशनपाल पुत्र राम सहाय के रूप में हुई है। वह फैब्रिकेशन वेल्डिंग का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया गया है कि उसकी पहली पत्नी नेहा देवी की करीब 18 वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। पहली पत्नी से उसके दो बेटे हैं। इसके बाद किशनपाल ने करीब 16 वर्ष पहले ओडिशा निवासी ममता से दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। मृतक अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है।

जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पहले परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे घर से रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। वहां किशनपाल जमीन पर पड़ा हुआ था, जबकि उसकी पत्नी ममता पास बैठकर रो रही थी। मकान के गाटर में लगे पंखे के कुंदे पर एक कपड़ा भी लटका दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक की पत्नी ममता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में हाथरस जंक्शन कोतवाली प्रभारी ललित कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page