
हाथरस 15 नवंबर। मौसम में बदलाव और बढ़ती ठंड के साथ वायु प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। सुबह और शाम छा रही धुंध के साथ हवा में मौजूद धूल और धुएं के सूक्ष्म कण आंखों एवं गले से संबंधित समस्याएं बढ़ा रहे हैं। बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय की ओपीडी में भी इस तरह की शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। तापमान में गिरावट और हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषित कण वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी हो रही है। अस्पताल की नेत्र ओपीडी में प्रतिदिन करीब 40 से 45 मरीज आंखों में जलन और पानी आने की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीएम 2.5 जैसे सूक्ष्म प्रदूषक कण आंखों को प्रभावित कर सकते हैं। इनके संपर्क में आने से आंखों में सूखापन, जलन, लालिमा और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को आंखों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
वहीं ईएनटी सर्जन डॉ. केके शर्मा ने बताया कि वायु प्रदूषण के कारण लोगों में गले में खराश, सूखी खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। अस्थमा और दमा से पीड़ित मरीजों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण और धुंध के संपर्क में आने से उनकी परेशानी बढ़ सकती है।











