
हाथरस 15 नवंबर। इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस जागृति की ओर से दीपावली, बाल दिवस एवं चार्टर डे का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और सेवा भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में जहां सदस्यों ने मनोरंजक गतिविधियों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं, वहीं दो जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में सहयोग कर सामाजिक सरोकारों की सराहनीय मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान क्लब की सभी सदस्यों को दीपावली के उपहार भेंट किए गए। मनोरंजन के लिए विभिन्न गेम्स और हाउजी का आयोजन हुआ, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चार्टर डे के विशेष अवसर पर क्लब की चार्टर सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं बाल दिवस के अवसर पर छोटी बच्चियों को पानी की बोतलें एवं उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम में क्लब की एक सदस्य का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया।
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहलू दो जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में सहयोग करना रहा। क्लब की ओर से दोनों बेटियों को उनके नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए भरपूर घरेलू सामान एवं उपहार प्रदान किए गए। इसमें दो कूलर, दो वाशिंग मशीन, दो अटैची, चार कंबल, दो डिनर सेट, 11 साड़ियां, एक एलईडी टीवी, बर्तन, मेकअप किट, कंगन, बेडशीट, पर्स, पांच किलो मसाले, 20 किलो आटा, रिफाइंड, घी, पूरी दावत का सामान, टेबल फैन, गोदरेज की अलमारी, टेबल-कुर्सी सहित अनेक आवश्यक घरेलू वस्तुएं शामिल रहीं। इस सेवा कार्य में क्लब की अध्यक्ष मंजूलता वार्ष्णेय, सचिव मधुराज शर्मा, सीजीआर गुंजन दीक्षित, कोषाध्यक्ष पूनम खेमका, आईएसओ सीमा वार्ष्णेय एवं ऑडिटर मीनू अग्रवाल के साथ सदस्य साधना, पूजा, अर्चना, रमा, राधा, गुंजन, आभा, रूपा, लीला खंडेलवाल, दीप्ति, सविता, मेघा और हेमलता सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास से आयोजन यादगार बन गया। क्लब की इस पहल ने सेवा, सम्मान, सहयोग और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। सदस्यों ने कहा कि सच्ची दीपावली वही है, जब हमारे प्रयासों से किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का उजाला आए।











