
हाथरस 15 नवंबर। सावन कृपाल रूहानी मिशन के तत्वावधान में रविवार, 15 नवंबर को हाथरस जनपद की तीनों शाखाओं पर आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। इसमें कृपाल आश्रम गौशाला मार्ग हाथरस, कृपाल आश्रम ग्राम पिछोंती हसायन तथा राजिंदर आश्रम ग्राम वीर नगर सासनी में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर आध्यात्मिक विचारों का श्रवण किया। सत्संग में दयाल पुरुष संत दर्शन सिंह जी महाराज के पावन संदेश के माध्यम से आत्मा और परमात्मा के संबंध को विस्तार से समझाया गया। संदेश में बताया गया कि सृष्टि की शुरुआत में केवल परम सत्ता का अस्तित्व था। उसी परम सत्ता के एक से अनेक होने के विचार से सृष्टि के विभिन्न खंड-मंडलों की रचना हुई। इन सभी में परमात्मा का ज्योति एवं श्रुति स्वरूप विद्यमान है, जिसे नाम कहा जाता है। यही नाम सृष्टि के प्रत्येक कण में समाया हुआ है और मनुष्य भी उसी परम सत्ता का अंश है। इसी क्रम में मिशन के प्रमुख एवं विश्व आध्यात्मिक सतगुरु परम संत राजिंदर सिंह जी महाराज की दिव्य वाणी का ऑडियो-वीडियो के माध्यम से प्रसारण किया गया। उनके संदेश में बताया गया कि परमात्मा ने अनेक खंड-मंडलों की रचना के साथ आत्माओं को भी उत्पन्न किया। अनेक आत्माएं प्रभु के देश से निकलकर दूसरे मंडलों के आकर्षणों में रम गईं और अपने मूल स्रोत से दूर होती चली गईं। इसी प्रकार चौरासी लाख योनियों में भटकती जीवात्माएं भी अपने वास्तविक स्वरूप और परमात्मा से बिछुड़ी हुई हैं।
संदेश में मानव जीवन को अत्यंत अनमोल बताते हुए कहा गया कि चौरासी लाख योनियों में मानव चोला श्रेष्ठ है, क्योंकि इसी जीवन में प्रभु ने आत्मा को अपने मूल स्रोत तक पहुंचने के आवश्यक गुण और अवसर प्रदान किए हैं। इसके लिए समय-समय पर परमात्मा अपने दूतों एवं सच्चे संतों को संसार में भेजते हैं, जो भटकी हुई आत्माओं को उनके वास्तविक स्वरूप और परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग बताते हैं। जब मनुष्य सच्चे संत की शरण में जाकर उनके बताए मार्ग पर चलता है, तभी आत्मा अपने मूल स्रोत अर्थात परमात्मा में लीन होने की दिशा में आगे बढ़ सकती है। तीनों शाखाओं पर सत्संग के साथ विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों का भी संचालन किया गया। इनमें निःशुल्क चिकित्सा डिस्पेंसरी, निःशुल्क सिलाई सेंटर, निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम, निःशुल्क जल सेवा, आध्यात्मिक पुस्तक स्टॉल, दर्शन लाइब्रेरी, बाल सत्संग और लंगर प्रसाद की व्यवस्था प्रमुख रही। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में तीनों शाखाओं की प्रबंध समितियों के सदस्यों एवं सक्रिय सेवादारों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता, आत्मज्ञान, मानव जीवन की महत्ता और निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया।











