Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 नवंबर। ब्रज संत पंडित गया प्रसाद जी महाराज की जयंती के अवसर पर रविवार को शहर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्तिक शुक्ल षष्ठी के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही भगवान श्रीकृष्ण और गिरिराज महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रामदरबार प्रभात फेरी मंडल के तत्वावधान में सुबह प्रभात फेरी निकाली गई। इसके साथ ही श्रीकृष्ण गौशाला और गोपाल धाम में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। श्रीकृष्ण गौशाला में गिरिराज महाराज का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद गौमाता का पूजन हुआ और श्रद्धालुओं ने ब्रज संत पंडित गया प्रसाद जी महाराज की समाधि पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रसाद वितरण भी किया गया।

वहीं, शहर के गोपाल धाम में श्रीधाम गोवर्धन से गिरिराज महाराज पधारे। विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गिरिराज महाराज का अभिषेक और पूजन कराया। शाम को मंदिर परिसर में गिरिराज महाराज के लिए भव्य फूल बंगला सजाया गया। इसके बाद विधि-विधान से उन्हें छप्पन भोग अर्पित किया गया। शाम साढ़े पांच बजे महाआरती, छप्पन भोग, फूल बंगला दर्शन और भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और धर्मलाभ प्राप्त किया।

भजन संध्या में शहर की विभिन्न संकीर्तन मंडलियों ने भगवान श्रीकृष्ण और गिरिराज महाराज के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। ‘गोवर्धन महाराज तेरे माथे मुकुट विराज रहियो’ जैसे लोकप्रिय भजनों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। भजनों के साथ बाबा और लाला के जयकारे गूंजते रहे। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भजनों पर झूमते रहे। कार्यक्रम में भोलाशंकर शर्मा, श्याम सुंदर गोयल, दाऊदयाल वार्ष्णेय, बंटी अग्रवाल, सीताराम, उमेश शर्मा, डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा फौजी, हरीश अग्रवाल, शिव कुमार तोमर, रामबल्लभ शर्मा, अजय अग्रवाल, शोभित शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page