
हाथरस 14 नवंबर। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला खुशहाली में पुरानी कहासुनी को लेकर गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानपति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी चंद्रपाल पुत्र मनीराम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 9 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे लाल सिंह पुत्र बाबूलाल, छोटेलाल पुत्र बाबूलाल, अभिषेक पुत्र लाल सिंह और सचिन पुत्र लाल सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की। जब उन्होंने गाली देने का कारण पूछा तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से चले गए। घटना गांव के आबादी वाले इलाके में हुई। मारपीट के दौरान चंद्रपाल के हाथ में चोट आई, जिसके बाद पुलिस ने उनका उपचार कराया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





