
हाथरस 14 नवंबर। गांव लहरा में खेत में सिंचाई के लिए पाइप लाइन बिछाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार गांव लहरा निवासी एक व्यक्ति ने अपने खेत में सिंचाई के लिए उद्यान विभाग से पाइप लाइन ली थी। शुक्रवार को वह अपने खेत में पाइप लाइन बिछवा रहा था। इसी दौरान गांव के ही दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति ने इसका विरोध कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी और विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग मारपीट पर उतर आए।
मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में बृजमोहन, माधव पुत्रगण कालीचरण, आलम पुत्र हबीब खान और हबीब खान पुत्र अली मोहम्मद घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





