Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 नवंबर। मोटापा केवल सामान्य शारीरिक वजन वृद्धि नहीं, बल्कि एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जो खराब जीवनशैली, गलत खान-पान और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण उत्पन्न होती है। यह कहना है वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यूएस गौड़ का। उन्होंने बताया कि चिकित्सा विज्ञान में मोटापे का आकलन बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) के आधार पर किया जाता है, जिसकी गणना व्यक्ति की लंबाई और वजन के आधार पर होती है। सामान्यतः 18.5 से 24.9 तक बीएमआई को सामान्य, 25 से 29.9 तक अधिक वजन और 30 या उससे अधिक को मोटापे की श्रेणी में रखा जाता है। डॉ. गौड़ के अनुसार विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित चिकित्सा संस्थाएं मोटापे को दीर्घकालिक बीमारी के रूप में मान्यता देती हैं। मोटापे का शरीर के विभिन्न अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और इससे हार्मोनल एवं मेटाबॉलिक असंतुलन की समस्या हो सकती है। इसके कारण डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, ऊर्जा की कमी, भूख में असंतुलन और फैटी लिवर जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि फास्ट फूड, जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स, तली-भुनी चीजों और अधिक चीनी व मैदे का सेवन मोटापे के प्रमुख कारणों में शामिल है। इसके अलावा लंबे समय तक बैठकर काम करना, मोबाइल और कंप्यूटर का अधिक इस्तेमाल, शारीरिक गतिविधियों में कमी, आनुवंशिक कारण, कुछ दवाओं का प्रभाव, मानसिक तनाव और पर्याप्त नींद न लेना भी वजन बढ़ने की वजह बन सकते हैं। मोटापे से हार्ट अटैक, स्ट्रोक, टाइप-2 डायबिटीज, फैटी लिवर और सांस संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। सोते समय खर्राटे और स्लीप एपनिया जैसी परेशानियां भी इससे जुड़ी हो सकती हैं। इसके अलावा मोटापा मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को भी प्रभावित कर सकता है। डॉ. गौड़ ने मोटापे से बचाव के लिए भोजन में हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, दालें और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने जंक फूड, अधिक चिकनाई और मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करने, प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 मिनट पैदल चलने तथा योग और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही पर्याप्त नींद लेने, तनाव कम करने और शरीर की जरूरत के अनुसार पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वजन कम करने के लिए दवाओं का सेवन बिना चिकित्सकीय परामर्श के नहीं करना चाहिए। मोटापा केवल शारीरिक सुंदरता का विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली समस्या है। समय रहते जीवनशैली में सुधार कर इसके दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है।

smart

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page