Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 नवंबर। सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर ‘आनंद मेला’ उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। मनोरंजन, कला, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से सजे इस आयोजन में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आशीष श्रोत्री (एलएंडए कंस्ट्रक्शन), रामनाथ सेकसरिया ट्रस्ट के अध्यक्ष बीपी सिंह, प्रबंधक दिनेश सेकसरिया एवं राकेश सेकसरिया, विद्यालय के सचिव गौरांग सेकसरिया तथा प्राचार्या बबीता सेठ ने दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इस वर्ष आनंद मेले का प्रमुख आकर्षण अमेरिका की प्रतिष्ठित पुस्तक प्रकाशन एवं शैक्षिक संस्था ‘स्कॉलैस्टिक’ के सहयोग से आयोजित पुस्तक मेला रहा। पहली बार जनपद हाथरस में आयोजित इस पुस्तक मेले में विद्यार्थियों और अभिभावकों को विभिन्न विषयों एवं रुचियों से जुड़ी पुस्तकों को देखने और अपनी पसंद की पुस्तकें चुनने का अवसर मिला। मेले में करियर मार्गदर्शन को भी विशेष स्थान दिया गया। विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उच्च शिक्षा, पाठ्यक्रमों और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।

इनमें मंगलायतन विश्वविद्यालय से विष्णु शर्मा, जीडी गोयनका विश्वविद्यालय से राहुल चौहान, संस्कृति विश्वविद्यालय से हर्ष शर्मा तथा जीएलए विश्वविद्यालय से दीपांशु मित्तल शामिल रहे। आयोजन में लाइव आर्ट गतिविधि, प्री-प्राइमरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों के लिए फैन्सी ड्रेस कार्यक्रम, नॉन-फायर फूड स्टॉल, मनोरंजक खेल और विभिन्न मर्चेंडाइज स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिक्की माउस और ट्रैम्पोलिन की व्यवस्था भी की गई, जिसका नन्हे विद्यार्थियों ने खूब आनंद लिया। इसी दिन विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय सुशीला देवी सेकसरिया की जन्म-जयंती भी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों ने उनके जीवन, मानव सेवा, शिक्षा के प्रति समर्पण और समाज के उत्थान में योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय परिवार ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। प्राचार्या बबीता सेठ ने कहा कि सुशीला देवी के शिक्षा एवं सेवा से जुड़े आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यालय के डायरेक्टर दिनेश सेकसरिया ने कहा कि संस्थापिका के दूरदर्शी विचारों और शिक्षा के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। वहीं, रामनाथ सेकसरिया ट्रस्ट के अध्यक्ष बीपी सिंह ने कहा कि उनके सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्य सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे। प्राचार्या बबीता सेठ के मार्गदर्शन में आयोजित मेले को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में श्वेता अग्रवाल और विशाखा कजारिया का विशेष योगदान रहा। विद्यालय के शिक्षकों एवं सहयोगी टीम ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। बाल दिवस पर आयोजित इस आनंद मेले ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ पुस्तकों, कला, शिक्षा और करियर की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर दिया। वहीं, संस्थापिका की जन्म-जयंती ने उन्हें उनके प्रेरणादायी जीवन-मूल्यों से परिचित कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page