
हाथरस 14 नवंबर। मोहनगंज स्थित कांग्रेस के कैंप कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित ब्रह्मदेव शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए करुणेश मोहन दीक्षित ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्र भारत को आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं, शिक्षा, विज्ञान, उद्योग और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण आधारशिला रखी, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नेहरू के विचारों और राष्ट्र निर्माण की सोच को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। संजीव आँधीवाल ने कहा कि पंडित नेहरू ने विकासशील भारत की मजबूत नींव रखकर देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य किया। वहीं मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बक्शी एवं किसान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अजीत गोस्वामी ने कहा कि नेहरू जयंती केवल जन्मदिवस मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का दिन है। पूर्व शहर अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे। उनका मानना था कि बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देकर ही देश का मजबूत भविष्य तैयार किया जा सकता है, क्योंकि बच्चे ही राष्ट्र का भविष्य हैं। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार, जिला महासचिव ठाकुर कपिल सिंह, रामकुमार सारस्वत, प्रभाशंकर शर्मा, प्रदीप तेंगुरिया, गोविंद चतुर्वेदी, राकेश दीक्षित, कृपेन्द्र सिंह चौहान, रामनाथ सिंह, रूपेश साहिल सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।











