
हाथरस 13 नवंबर। चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना में हुए मानवेंद्र हत्याकांड के मामले में पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक ब्रजेश कुमार और एक आरक्षी को निलंबित कर दिया है। मृतक के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस विभाग में यह कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, मानवेंद्र के परिजनों का आरोप है कि हत्याकांड से पहले भी उनके घर पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने पहले मिली शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की होती तो शायद आज उन्हें यह दिन नहीं देखना पड़ता। हत्याकांड के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शिकायत की थी। परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उप निरीक्षक ब्रजेश कुमार और एक आरक्षी को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।










