Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 नवंबर। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना में मानवेंद्र हत्याकांड के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस नामजद हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है। जानकारी के अनुसार, गांव बिसाना निवासी मानवेंद्र की पिछले दिनों गांव के ही कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस गोलीबारी में मानवेंद्र का दोस्त समीर भी गोली लगने से घायल हो गया था। घायल समीर को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।

हत्याकांड के बाद गांव में काफी हंगामा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद मानवेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जा सका और बाद में अंतिम संस्कार हुआ। इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मृतक और आरोपी पक्ष एक ही गांव के होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस दोनों पक्षों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। पुलिस आरोपियों के परिजनों और संभावित ठिकानों पर भी निगरानी बनाए हुए है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है, लेकिन अभी तक नामजद आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page