Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 नवंबर। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव बिसाना निवासी मानवेंद्र सिंह की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक गोली मानवेंद्र के सीने में लगी थी, जिससे उसकी छोटी आंत, बड़ी आंत, लीवर और किडनी क्षतिग्रस्त हो गए। दूसरी गोली उसके घुटने में लगी थी। गुरुवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, मामले में छेड़छाड़ के विरोध और पुरानी रंजिश का एंगल भी सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे मानवेंद्र अपने घर के बाहर वाले हिस्से में मौजूद था। इसी दौरान बाइक और अन्य वाहनों से आए सात से आठ युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मानवेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके दोस्त समीर को भी गोली छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। समीर की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मानवेंद्र की मां अंजना ने पांच नामजद आरोपितों कौशल, सुमित, कृष्ण, जितेंद्र और गोपाल सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि 11 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे उनका बेटा घर के अंदर बैठा था, तभी नामजद आरोपित घर पर आए और जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी। गोली मानवेंद्र के पैर और शरीर में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

इस हत्याकांड में एक अन्य युवक सीके का नाम भी चर्चा में आया है, जो आगरा का निवासी बताया जा रहा है। बताया जाता है कि उसकी ननिहाल गांव बिसाना के नजदीक हीरागढ़ में है और उसका क्षेत्र में आना-जाना रहता था। परिजनों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि सीके मानवेंद्र के दोस्त की बहन के साथ छेड़छाड़ करता था। इसका विरोध करने पर करीब एक माह पहले मानवेंद्र के घर पर भी फायरिंग की गई थी। परिजनों का दावा है कि उस घटना की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि छेड़छाड़ और पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर मानवेंद्र के परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही। परिजन आरोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजन इस मांग को लेकर एसपी से मिलने भी पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर शाम पोस्टमार्टम हो सका।

पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार शाम मानवेंद्र का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बाद में पुलिस के आला अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मानवेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दबिश दी जा रही हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है तथा आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page