
हाथरस 11 नवंबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रहना में बुखार से पीड़ित दो माह के मासूम की गुरुवार सुबह मौत हो गई। परिजन बच्चे को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाद में परिजन शव को लेकर घर चले गए।
जानकारी के अनुसार गांव रहना निवासी कल्लू खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। करीब ढाई वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। बताया गया है कि कल्लू का दो माह का बेटा पिछले कुछ समय से बुखार से पीड़ित था। बुधवार रात बच्चा दूध पीने के बाद सो गया। गुरुवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। बच्चे की हालत खराब होते देख परिजन घबरा गए और आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम छा गया। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ घर ले गए।









