Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 नवंबर। जिले में साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड हाथरस शहर में ही छिपा होने की आशंका जताई जा रही है। महज पांच से छह हजार रुपये महीने देने का लालच देकर लोगों के नाम पर फर्म बनवाई जा रही हैं और उनके नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम का लेनदेन कराया जा रहा है। नवंबर महीने में ही ऐसे दो नए मामले सामने आए हैं, जिनमें करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर मिल रही शिकायतों और फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट इंडिया की रिपोर्ट में जिले के कई म्यूल बैंक खातों की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड बीच बाजार में बैठकर गेमिंग एप के माध्यम से विभिन्न राज्यों से रकम इन खातों में मंगवाता है और फिर उसे दूसरे माध्यमों से ठिकाने लगा देता है।

मामले में सबसे बड़ा खुलासा अलीगढ़ रोड स्थित यूको बैंक की शाखा के एक खाते को लेकर हुआ है। जय दुर्गे ट्रेडर्स नाम की फर्म के इस खाते में देश के 16 राज्यों में हुई साइबर ठगी से संबंधित करीब 1.03 करोड़ रुपये पहुंचने की जानकारी सामने आई है। यह खाता नगला अलगर्जी निवासी अशोक कुमार सिंह के नाम पर बताया गया है। इस मामले में 31 अक्तूबर को साइबर सेल में एफआईआर दर्ज की गई थी। वहीं, अलीगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप के निकट स्थित केनरा बैंक की शाखा के एक अन्य खाते में भी 13 राज्यों से करीब 10.39 लाख रुपये पहुंचने का मामला सामने आया है। यह खाता सीयल किला गेट निवासी जितेंद्र कुमार के नाम पर बताया गया है। हैरानी की बात यह है कि मामले सामने आने के करीब 10 दिन बाद भी पुलिस संबंधित खाताधारकों तक नहीं पहुंच सकी है।

बताया जा रहा है कि मई महीने से अब तक जिले में म्यूल बैंक खातों से जुड़े सात मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों ने हाथरस में सक्रिय साइबर ठगी के नेटवर्क और उसके संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पांच से छह हजार रुपये महीने के लालच में लोगों के नाम पर फर्म और बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये का लेनदेन कराने वाले इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है? विभिन्न राज्यों से आने वाली साइबर ठगी की रकम का असली लाभार्थी कौन है और इतने बड़े नेटवर्क के बावजूद सरगना अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों है? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page