Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 नवंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने हाथरस जंक्शन क्षेत्र के रामपुर स्थित सुंदर लाल सरस्वती शिशु मंदिर के करीब 125 विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के अनुसार, हाथरस निवासी रामलाल अग्रवाल एवं कालीचरण अग्रवाल ने सेठ सुंदर लाल सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय को विद्या भारती संस्था को दान दिया था। दान से संबंधित शपथ पत्र में उल्लेख किया गया था कि विद्यालय के बंद होने की स्थिति में उसकी जमीन पुनः दानदाताओं के परिवार को वापस हो जाएगी तथा विद्यालय का संचालन विद्यार्थियों के अध्ययनरत रहने तक जारी रहेगा। आरोप है कि रामलाल अग्रवाल एवं कालीचरण अग्रवाल के पुत्र विष्णु अग्रवाल और संजीव अग्रवाल ने न्यायालय में वाद दायर कर विद्यालय बंद होने का पक्ष प्रस्तुत किया, जिसके बाद एकतरफा फैसला हो गया। मामले की जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से जिला संगठन मंत्री सर्वेश शर्मा को मिली। इसके बाद उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं के समक्ष विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस विषय को रखा। जिला संयोजक माधव अग्निहोत्री के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तत्काल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और विद्यालय के विद्यार्थियों की शिक्षा जारी रखने की मांग की। बताया गया कि जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की और मामले को पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में भी दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय के आदेश एवं विद्यार्थियों के शिक्षा के अधिकार को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान के प्रयास का आश्वासन दिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं आचार्यों के साथ मिलकर विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखने तथा उन्हें शिक्षा के अधिकार से वंचित न किए जाने की मांग उठाई। इस दौरान श्याम गौतम, आकाश, कुलदीप, अमन प्रजापति, विजय, नैवेद्य, ज्योति, मुस्कान, कृष्णा शर्मा सहित एबीवीपी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page