
हाथरस 03 नवंबर। चंदपा कस्बे में मंगलवार को आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन से अवैध कब्जे हटाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम पहुंची। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद टीम ने मौके पर जमीन की पैमाइश कराई और हाईवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान सबमर्सिबल विक्रेता राहुल नल वाले, बर्तन विक्रेता और मिठाई की दुकान समेत आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों को चेतावनी दी गई। टीम के मुताबिक, कुछ लोगों ने हाईवे की जमीन पर पक्के निर्माण करा रखे थे और रेलिंग भी लगा दी थी। इन्हें हटाने के निर्देश दिए गए। परियोजना निदेशक राहुल सिंह ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोबारा कब्जा करने वालों को कानूनी नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी। एनएचएआई टीम की कार्रवाई के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।






