
हाथरस 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए जनपद हाथरस में परीक्षा केंद्र निर्धारण की अनंतिम सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में विद्यालयों के साथ विद्यार्थियों का आवंटन भी शामिल है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्ति या शिकायत दर्ज कराने के लिए 28 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के सचिव की ओर से जारी पत्र दिनांक 26 अक्टूबर 2026 के क्रम में परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची प्राप्त हुई है, जिसे संबंधित कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। इसके बाद जनपद के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कॉलेजों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, ऑनलाइन प्रक्रिया से चयनित परीक्षा केंद्रों को लेकर यदि किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या विद्यालय प्रबंधक को कोई आपत्ति अथवा शिकायत है, तो वह उचित कारणों और संबंधित साक्ष्यों के साथ अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से निर्धारित प्रारूप का इस्तेमाल करना होगा। आपत्तियां और शिकायतें परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन माध्यम से जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के समक्ष प्रस्तुत करनी होंगी। इसके लिए अंतिम तिथि 28 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले प्रत्यावेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। परिषद से प्राप्त परीक्षा केंद्रों की सूची संबंधित सूचना के साथ संलग्न की गई है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों और विद्यालयों में छात्र आवंटन से संबंधित किसी भी विसंगति की स्थिति में संबंधित पक्षों से निर्धारित समयसीमा के भीतर साक्ष्यों सहित ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने को कहा गया है।









