Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 अक्टूबर । दहेज में अतिरिक्त मोटरसाइकिल और रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव टीकरी कलां निवासी दुर्गपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी दो बेटियों बीना और निशा की शादी छह जुलाई 2022 को चंदपा थाना क्षेत्र के गांव कटेलिया निवासी सोनू और विष्णु के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी में दोनों बेटियों को 51-51 हजार रुपये नकद, एक-एक भैंस, घरेलू सामान और एक-एक मोटरसाइकिल दी गई थी। दुर्गपाल का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उनकी छोटी बेटी निशा का पति विष्णु अतिरिक्त मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। इस मांग में परिवार के अन्य सदस्य भी उसका समर्थन करते थे। आरोप है कि दहेज में 1.25 लाख रुपये या मोटरसाइकिल की मांग को लेकर निशा को लगातार परेशान किया जाता रहा। इस दौरान निशा ने एक बेटी को भी जन्म दिया, जिसका नाम अन्नू बताया गया है।

पीड़िता के पिता के अनुसार, बड़ी बेटी बीना अपने पति सोनू के साथ अलग रह रही है, जबकि निशा ससुराल में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थी। उन्होंने बताया कि निशा को प्रताड़ित किए जाने के मामले में कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। दुर्गपाल ने आरोप लगाया कि 11 जून 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने निशा के साथ मारपीट की और उसे टेंपो में बैठाकर गांव टीकरी कलां में बंबा की पुलिया के पास उतार दिया। साथ ही कथित तौर पर धमकी दी कि रुपये या मोटरसाइकिल का इंतजाम होने पर ही वह वापस आए। पिता का कहना है कि उन्होंने पहले भी शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने महिला थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page