
हाथरस 19 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हाथरस की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के बाद सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-25 के अंतर्गत जनपद की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 78-हाथरस (अजा), 79-सादाबाद और 80-सिकंदराराऊ के मतदेय स्थलों का सम्भाजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूचियों का आलेख्य प्रकाशन निर्धारित समय-सारिणी के तहत 19 अक्टूबर को किया गया। प्रकाशित सूचियों की प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई गईं।
डीएम ने बताया कि आलेख्य रूप से प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूचियां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों यानी तहसील कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, हाथरस में आम नागरिकों के निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और नागरिक इन सूचियों का अवलोकन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे मतदेय स्थलों की प्रकाशित सूचियों को ध्यानपूर्वक देख लें। यदि किसी को सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत करना है, तो वह 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित प्रकाशन स्थलों पर अपना आवेदन दे सकता है। निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा (एडवोकेट), बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजकपूर, सीपीआई (एम) के जिला सचिव श्याम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, समस्त उपजिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद हाथरस की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया के बाद मतदेय स्थलों की सूचियों का आलेख्य प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को विधिवत कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के पत्र तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों और निर्धारित गाइडलाइन्स के अनुरूप लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के अंतर्गत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। मतदेय स्थलों की प्रकाशित सूचियां आमजन के निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं। जारी विवरण के अनुसार, जनपद की 78-हाथरस (अनुसूचित जाति), 79-सादाबाद और 80-सिकन्द्राराऊ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की संख्या में बदलाव किया गया है। पहले जिले में कुल 1,390 मतदेय स्थल थे, जबकि सम्भाजन के बाद आलेख्य रूप से प्रकाशित सूचियों में इनकी कुल संख्या 1,379 रह गई है। इस प्रकार जिले में कुल 11 मतदेय स्थल कम हुए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, हाथरस (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में पहले की तरह 475 मतदेय स्थल रखे गए हैं। वहीं, सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या 463 से घटकर 453 हो गई है। इसी प्रकार सिकन्द्राराऊ विधानसभा क्षेत्र में पहले 452 मतदेय स्थल थे, जिनकी संख्या अब 451 रह गई है। जिला निर्वाचन प्रशासन के अनुसार, आलेख्य रूप से प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूचियां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों यानी तहसील कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, हाथरस में आमजन के निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध हैं। नागरिक इन कार्यालयों में पहुंचकर मतदेय स्थलों से संबंधित सूचियों का अवलोकन कर सकते हैं। प्रकाशित सूचियों के संबंध में यदि किसी नागरिक, राजनीतिक दल अथवा संबंधित पक्ष को कोई आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत करना है, तो वह 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित तहसील कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, हाथरस में जमा करा सकता है। इसके लिए सात दिन का समय निर्धारित किया गया है। निर्वाचन प्रशासन ने निर्धारित अवधि के भीतर आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि प्रक्रिया में प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जा सके।







