Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस, 19 अक्टूबर। विजयदशमी के पावन पर्व पर आगरा रोड स्थित श्री राधा कृष्ण कृपा भवन में 20 अक्टूबर को रात्रि आठ बजे भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। पद्मश्री काका हाथरसी द्वारा स्थापित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ब्रज कला केंद्र की हाथरस शाखा के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित इस समारोह में साहित्य, संस्कृति, सामाजिक सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियां शामिल होंगी। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित और उप जिलाधिकारी हाथरस सदर राज बहादुर सिंह का सानिध्य प्राप्त होगा। मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी एवं प्रकाश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर प्रद्युम्न गुप्ता, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार, अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार, एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद तथा नगर पालिका परिषद हाथरस के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह उपस्थित रहेंगे। आयोजन में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की भतीजी मरियम अंसारी तथा पुणे से अमित कोरडे की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। समारोह की अध्यक्षता संत तुलसी साहिब आश्रम के वर्तमान गद्दीधर महंत गुरु लोचन दास महाराज करेंगे। कार्यक्रम के संरक्षक एवं निदेशक डॉ. राजेंद्र कृष्ण अग्रवाल, कुलपति एवं अध्यक्ष ब्रज संगीत विद्यापीठ, नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य उषा गुप्ता एवं धर्मसेवी नन्नूमल गुप्ता का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। समारोह में श्री राधा कृष्ण कृपा भवन के संस्थापक स्मृतिशेष कृष्ण गोपाल वार्ष्णेय ‘नेताजी’ की स्मृति में प्रदान किया जाने वाला कृष्ण गोपाल वार्ष्णेय स्मृति सम्मान राजकुमार वार्ष्णेय को दिया जाएगा। वहीं, संस्थापिका स्मृतिशेष कैलाश कुमारी की स्मृति में प्रदान किया जाने वाला कैलाश कुमारी स्मृति सम्मान सरिता वार्ष्णेय को प्रदान किया जाएगा।

इसके अलावा मेला श्री दाऊजी महाराज एवं रामलीला कमेटी से जुड़े प्रतिनिधियों, साहित्यिक सहयोगियों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों और शहर के सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय गणमान्य नागरिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में काका हाथरसी स्मारक समिति, राष्ट्रीय कवि संगम, ब्रज कला अकादमी, संस्कार भारती, साहित्य संगम, अपना घर आश्रम, ज्ञान कल संजीवनी समिति, श्रीमती द्रौपदी देवी गुलजारीलाल ‘कातिल’ चैरिटेबल ट्रस्ट तथा श्रीमती कैलाश कुमारी कृष्ण गोपाल मेमोरियल ट्रस्ट सहित शहर की विभिन्न साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएं सहयोग करेंगी। आयोजकों का उद्देश्य साहित्यकारों, पत्रकारों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना है। कवि सम्मेलन का संचालन वरिष्ठ आशुकवि अनिल बोहरे करेंगे। कार्यक्रम संयोजक चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने बताया कि विजयदशमी के अवसर पर आयोजित यह समारोह साहित्य, संस्कृति, सामाजिक समरसता और सम्मान की परंपरा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज में सकारात्मक विचारों, साहित्यिक चेतना और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के उपरांत रावण दहन किया जाएगा। इसके साथ ही पधारे भगवान श्रीराम-जानकी परिवार, श्री हनुमान जी एवं मां काली की पूजा-अर्चना के बाद समारोह का समापन होगा। संयोजक ने शहर के गणमान्य नागरिकों, साहित्यप्रेमियों और धर्मप्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page