
हाथरस 18 अक्टूबर । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के नयावास निवासी एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में परिजन उसे घर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार (32) पुत्र अशोक कुमार निवासी नयावास, थाना हाथरस जंक्शन गांव जा रहा था। इसी दौरान सिथरोली भट्टा के सामने अज्ञात परिस्थितियों में उसके सिर में चोट लग गई। चोट लगने के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे घर ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाने पर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।न फिलहाल युवक के सिर में चोट किन परिस्थितियों में लगी और उसकी मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






